लखनऊ, 14 नवंबर (डेमोक्रेटिक भारत लाइव संवाददाता)। राजधानी लखनऊ में छठ पूजा के मद्देनजर 15 और 16 नवंबर को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। हजरतगंज, महानगर और चौक क्षेत्रों में कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जिससे लोगों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने आपातकालीन वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी है।
लक्ष्मण मेला मैदान और कुड़ियाघाट के रास्ते बंद
छठ पूजा के दौरान 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक और 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक डायवर्जन लागू रहेगा। चिरैयाझील तिराहे से लक्ष्मण मेला मैदान की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इसके अलावा 1090 चौराहे से पीएनटी, बैकुंठधाम और संकल्प वाटिका ओवरब्रिज होकर लक्ष्मण मेला मैदान की ओर सामान्य वाहन, रोडवेज और सिटी बसें प्रतिबंधित रहेंगी।
रूमी गेट पुलिस चौकी चौराहे से कुड़ियाघाट की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। नया पक्का पुल से कुड़ियाघाट जाने वाले वाहनों को टीले वाली मस्जिद तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। घैला पुल से ग्रीन कॉरिडोर होकर कुड़ियाघाट जाने वाला रास्ता भी बंद रहेगा।
इन प्रमुख मार्गों पर भी रहेगा बदलाव
सिकंदरबाग से महानगर जाने वाले वाहन संकल्प वाटिका कटिंग से चिरैयाझील की ओर नहीं जाएंगे। इन्हें निशातगंज और महानगर होकर जाना होगा। कैसरबाग बस अड्डे से चिरैयाझील और संकल्प वाटिका ओवरब्रिज होकर 1090 चौराहे की ओर रोडवेज बसें नहीं जा सकेंगी। नदवा बंधा मोड़ से झूलेलाल पार्क की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे और इन्हें आईटी चौराहा या सुभाष चौराहे से जाना होगा।
आईटी चौराहे से हनुमान सेतु मंदिर और सुभाष चौराहे की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। नया पक्का पुल से बंधा मार्ग होते हुए बैरल नंबर 2 की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। खदरा और फैजुल्लागंज से नया पक्का पुल की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
आपातकालीन वाहनों के लिए व्यवस्था
ट्रैफिक व्यवस्था में किए गए इन बदलावों के दौरान एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को पूरी छूट दी जाएगी। किसी भी मरीज की आपात स्थिति में प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने के लिए लोग ट्रैफिक कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं। वाहन चालकों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: हजरतगंज थाने में घुसकर महिला कांस्टेबल से मारपीट
लखनऊ की सभी ताज़ा खबरें: लखनऊ न्यूज़
#लखनऊन्यूज़ #LucknowNews #लखनऊ #छठपूजा #ट्रैफिकडायवर्जन #लखनऊट्रैफिकपुलिस
















