पिथौरागढ़, 16 नवंबर (डेमोक्रेटिक भारत लाइव संवाददाता)। पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शैक्षिक भ्रमण से लौट रहे स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बोलेरो के चालक ने शराब के नशे में 13 वर्षीय छात्र को स्टेयरिंग थमा दिया। यह घटना बीते रविवार को पिथौरागढ़ से लौटते समय घाट के पास हुई, जब वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बोल्डर से टकरा गया। गनीमत यह रही कि गाड़ी खाई की तरफ नहीं पलटी, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।
शैक्षिक भ्रमण से लौट रहे थे बच्चे
विवेकानंद स्कूल गंगोलीहाट के छात्र-छात्राएं एक कोचिंग संस्थान के माध्यम से अपने टीचर हिमांशु उप्रेती के साथ शैक्षिक भ्रमण पर पिथौरागढ़ गए थे। बच्चों ने दिनभर गुरना मंदिर और चंडाक क्षेत्र का भ्रमण किया था। भ्रमण के बाद टीचर दूसरी गाड़ी से रवाना हुए, जबकि एक बोलेरो में ड्राइवर गणेश बुंगला समेत कुल 11 छात्र-छात्राएं सवार होकर वापस आ रहे थे।
नशे में धुत था वाहन चालक
सफर के दौरान ड्राइवर गणेश बुंगला पूरी तरह शराब के नशे में धुत था और उसने बगल में बैठे 13 वर्षीय छात्र को गाड़ी चलाने के लिए स्टेयरिंग थमा दिया। नाबालिग छात्र गाड़ी को नियंत्रित नहीं कर पाया और पिथौरागढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर घाट के पास बोलेरो सड़क किनारे एक बड़े बोल्डर से जा टकराई। हादसे के बाद वाहन में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पूछताछ में बच्चों ने ड्राइवर की करतूत का खुलासा किया, जिसके बाद आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल कराया गया जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बच्चों की जान खतरे में डालने और नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पिथौरागढ़ की सभी ताज़ा खबरें: पिथौरागढ़ न्यूज़
स्रोत: Devbhoomi Darshan



















