लखनऊ, 16 नवंबर (डेमोक्रेटिक भारत लाइव संवाददाता)। लखनऊ के इंदिरानगर क्षेत्र के सुगामऊ में एक दलित महिला के साथ हुई मारपीट के मामले को लेकर गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इंदिरानगर थाने का भारी विरोध प्रदर्शन करते हुए घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग करते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया।
क्यों हुआ थाने का घेराव?
प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि घटना 6 नवंबर को घटित हुई थी, लेकिन पुलिस ने तुरंत कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की। मामला 10 नवंबर को सामने आने के बाद ही पुलिस हरकत में आई। संगठन का आरोप है कि बच्चा चोरी का झूठा इल्जाम लगाकर महिला को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा गया। इसके बाद घायल महिला को एक ठेलिया पर लादकर पुलिस चौकी पहुंचाया गया, जहां वह काफी देर तक दर्द से कराहती हुई घायल हालत में पड़ी रही। कार्यकर्ताओं ने इस पूरे मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
पुलिस को दिया अल्टीमेटम
संगठन के पदाधिकारियों ने एसीपी गाजीपुर अतुल पांडेय को एक ज्ञापन सौंपा और मांग की कि पीड़िता को हर हाल में न्याय मिले तथा मामले की निष्पक्ष जांच हो। पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी दो दिनों के भीतर सभी आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो बड़े स्तर पर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल तीन थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था।
गिरफ्तारियों से असंतोष
संगठन का कहना है कि इस मामले में अभी तक हुई 6 गिरफ्तारियों से बात बनने वाली नहीं है। वायरल हो रहे वीडियो, चश्मदीदों के बयानों और अन्य पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर इस घटना में शामिल अन्य सभी लोगों की पहचान कर उन पर कानूनी शिकंजा कसा जाए। साथ ही, पीड़ित महिला को उचित सुरक्षा और बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए। पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि न्याय की इस लड़ाई में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: गोसाईंगंज थाने में रिटायर्ड बीडीओ का हंगामा और धमकी
यह भी पढ़ें: लखनऊ: लक्ष्मण मेला मैदान और कुड़ियाघाट क्षेत्र में छठ पर्व पर बदलेगा ट्रैफिक, शहरभर में 157 स्थानों पर आयोजन
लखनऊ की सभी ताज़ा खबरें: लखनऊ न्यूज़
#लखनऊन्यूज़ #LucknowNews #लखनऊ #इंदिरानगरथाना #विहिप #बजरंगदल









