मुंबई। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म रामायण ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है। रिलीज के 23वें दिन फिल्म ने भारत में 1,000 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया। इसके साथ ही रामायण भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी बॉलीवुड फिल्म बन गई है। सभी भारतीय फिल्मों की बात करें तो कमाई के मामले में यह चौथे नंबर पर है।
इस खबर में
बॉक्स ऑफिस पर नजर रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म ने 23वें दिन भारत में 8.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 1,000.55 करोड़ रुपये हो गई है।
23 दिन का पूरा हिसाब
23 दिन बाद फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 1,195.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं दुनियाभर में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1,790.10 करोड़ रुपये हो चुका है। तीन हफ्ते से ज्यादा समय बाद भी फिल्म रोजाना करोड़ों की कमाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: Ramayana Box Office Day 21: रामायण ने ‘पुष्पा 2’ को पछाड़ा
भारत में 1000 करोड़ नेट कमाने वाली चौथी फिल्म
रामायण भारत में 1,000 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करने वाली दूसरी बॉलीवुड फिल्म है। इससे पहले रणवीर सिंह की धुरंधर 2 यह रिकॉर्ड बना चुकी है। सभी भारतीय फिल्मों में यह आंकड़ा छूने वाली रामायण चौथी फिल्म है। इससे पहले बाहुबली 2, पुष्पा 2 और धुरंधर 2 यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।
पुष्पा 2 और बाहुबली 2 को पीछे छोड़ा
रामायण: पार्ट 1 ने 23वें दिन तक दुनियाभर में 1,790 करोड़ रुपये कमा लिए हैं और अब यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तीसरी भारतीय फिल्म बन गई है। इसने पुष्पा 2 (1,742 करोड़ रुपये) और बाहुबली 2 (1,788 करोड़ रुपये) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दंगल और धुरंधर 2 अब भी इससे आगे हैं।
यह फिल्म 2026 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन चुकी है। पहले वीकेंड के कलेक्शन से ही इसने अजय देवगन की दृश्यम 3 के 577 करोड़ रुपये के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया था।
यह भी पढ़ें: गनमास्टर G9 एक्स रिव्यू, इमरान हाशमी की फिल्म पर दर्शकों की प्रतिक्रिया
पांचवें दिन का रिकॉर्ड और हिंदी में तेज रफ्तार
फिल्म ने रिलीज के पांचवें दिन यानी 9 नवंबर को 107.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। सैकनिल्क के मुताबिक यह भारतीय बॉक्स ऑफिस पर किसी भी फिल्म का अब तक का सबसे बड़ा पांचवें दिन का कलेक्शन है। इसने धुरंधर 2 के 65 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
हिंदी वर्जन से फिल्म ने 18 दिन में 700 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया था। सैकनिल्क के रिकॉर्ड के अनुसार ऐसा करने वाली यह दूसरी सबसे तेज हिंदी फिल्म है। इस मामले में धुरंधर 2 पहले नंबर पर है।
स्रोत: दैनिक भास्कर







